वाराणसी विकास प्राधिकरण की 134वीं बोर्ड बैठक सम्पन्न
वाराणसी विकास प्राधिकरण की 134वीं बोर्ड बैठक सम्पन्न
प्राधिकरण द्वारा विकसित की जाने वाली नई टाउनशिप योजनाओं—कल्लीपुर आवासीय योजना एवं मढ़नी आवासीय योजना—के संबंध में आयुक्त महोदय द्वारा उपाध्यक्ष श्री पुर्ण बोरा एवं प्राधिकरण के टीम की सराहना
आज दिनांक 29 जून, 2026 को वाराणसी विकास प्राधिकरण की 134वीं बोर्ड बैठक माननीय आयुक्त, वाराणसी मण्डल/ अध्यक्ष वाराणसी विकास प्राधिकरण श्री एस० राजलिंगम की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई।
बैठक के प्रारम्भ में उपाध्यक्ष श्री पुर्ण बोरा द्वारा माननीय अध्यक्ष श्री एस० राजलिंगम , जिलाधिकारी श्री सत्येन्द्र कुमार तथा बोर्ड के नामित सदस्यों श्री प्रदीप अग्रहरी, श्री अम्बरीष सिंह (भोला) एवं श्रीमती साधना वेदांती का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया।
बैठक का संचालन एवं विभिन्न प्रस्तावों का प्रस्तुतीकरण सचिव डॉ. वेद प्रकाश मिश्रा द्वारा किया गया। उन्होंने पूर्ववर्ती बोर्ड बैठकों में लिए गए निर्णयों के अनुपालन की समीक्षा प्रस्तुत करते हुए प्राधिकरण की विभिन्न विकास परियोजनाओं की प्रगति तथा अवैध निर्माण एवं अवैध प्लॉटिंग के विरुद्ध संचालित सतत प्रवर्तन कार्यवाहियों से बोर्ड को अवगत कराया।
बैठक के दौरान प्राधिकरण के अधिशासी अभियंता श्री अरविन्द शर्मा एवं विधि अधिकारी श्री महादेव प्रसाद के सेवानिवृत्त होने पर माननीय अध्यक्ष महोदय द्वारा उन्हें शॉल एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया तथा उनके दीर्घ एवं उत्कृष्ट सेवाकाल की सराहना की गई।
बैठक में प्राधिकरण द्वारा प्रस्तावित कल्लीपुर आवासीय योजना एवं मढ़नी आवासीय योजना सहित नई टाउनशिप योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। इन योजनाओं के सुव्यवस्थित नियोजन एवं कार्यान्वयन हेतु किए जा रहे प्रयासों की माननीय आयुक्त महोदय द्वारा सराहना करते हुए उपाध्यक्ष श्री पुर्ण बोरा एवं उनकी टीम के कार्यों की प्रशंसा की गई।
बैठक में स्वीकृत प्रमुख प्रस्ताव
* प्राधिकरण की लालपुर आवासीय योजना (प्रथम चरण) के अंतर्गत 548.00 वर्गमीटर क्षेत्रफल के भूखण्ड का उपयोग “फायर स्टेशन” से “शैय्या रहित चिकित्सा प्रतिष्ठान (डायग्नॉस्टिक सेंटर/ओपीडी/क्लिनिक/स्पेंसर/पैथोलॉजी लैब)” (सार्वजनिक एवं अर्द्ध सार्वजनिक सुविधाएँ एवं सेवाएँ) में परिवर्तन किए जाने के प्रस्ताव को बोर्ड द्वारा स्वीकृति प्रदान की गई।
* भवन निर्माण एवं विकास उपविधि-2025 के प्रस्ताव 3.3.4.1 नोट (1) के अंतर्गत बहुमंजिली एवं व्यावसायिक परियोजनाओं में कुल पार्किंग क्षमता के व्यावहारिक क्रियान्वयन संबंधी प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान की गई।
* उत्तर प्रदेश शासन द्वारा निर्गत शासनादेश एवं गाइडलाइन के क्रम में प्राधिकरण द्वारा चिन्हित 355 कालोनियों में से श्याम नगर कालोनी एवं गौतम गार्डेन कालोनी को नियमित किए जाने संबंधी प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान की गई।
* ग्राम छितनपुर एवं चोलापुर में विकसित कैटिल कालोनियों के हस्तांतरण संबंधी प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान की गई।
* मेसर्स रुद्रा रियल इस्टेट प्रा. लि. के प्रकरण में संशोधन हेतु शासन को प्रस्ताव प्रेषित किए जाने की स्वीकृति प्रदान की गई।
* आराजी संख्या-475, मौजा गणेशपुर, परगना शिवपुर, तहसील सदर, वाराणसी का भू-उपयोग वाराणसी महायोजना-2031 (पुनरीक्षित) में “सेवा एवं लघु उद्योग” से “आवासीय” में परिवर्तन किए जाने के प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान की गई।
* आराजी संख्या-281, मौजा धनेसरी, परगना अठगावों, तहसील पिण्डरा, वाराणसी का भू-उपयोग वाराणसी महायोजना-2031 (पुनरीक्षित) में “कृषि” से “आवासीय” किए जाने संबंधी प्रस्ताव बोर्ड के समक्ष विचारार्थ प्रस्तुत किया गया।
* मकबूल आलम रोड, खजुरी स्थित डीआईजी कॉलोनी में वाराणसी विकास प्राधिकरण के अधिकारियों हेतु प्लॉट संख्या-34 पर पूर्व निर्मित (लगभग निष्प्रयोज्य) भवन के पुनर्निर्माण तथा प्लॉट संख्या-58 पर नवीन आवासीय भवन के निर्माण संबंधी प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान की गई।
बैठक के समापन पर उपाध्यक्ष श्री पुर्ण बोरा द्वारा उपस्थित सभी बोर्ड सदस्यों एवं अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उन्हें पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने हेतु पौध भेंट किए गए।
