सुनियोजित एवं सुरक्षित शहरी विकास की दिशा में वाराणसी विकास प्राधिकरण की बड़ी उपलब्धि, पिछले 06 माह में 83 लेआउट स्वीकृत
सुनियोजित एवं सुरक्षित शहरी विकास की दिशा में वाराणसी विकास प्राधिकरण की बड़ी उपलब्धि, पिछले 06 माह में 83 लेआउट स्वीकृत
वाराणसी विकास प्राधिकरण (वीडीए) द्वारा वाराणसी के सुनियोजित, सुरक्षित एवं व्यवस्थित शहरी विकास को गति प्रदान करते हुए विगत 06 माह के दौरान 83 लेआउट स्वीकृत किए गए हैं। यह उपलब्धि न केवल नियोजित विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, बल्कि आम नागरिकों को सुरक्षित एवं वैध निवेश का भरोसा भी प्रदान करती है।
प्राधिकरण द्वारा लेआउट एवं भवन मानचित्र स्वीकृति की प्रक्रिया को पूर्णतः पारदर्शी एवं समयबद्ध बनाया गया है। इसी क्रम में मात्र 07 दिवस के भीतर लेआउट/मानचित्र स्वीकृति प्रदान की जा रही है, जिससे नागरिकों, भू-स्वामियों एवं डेवलपर्स को त्वरित सेवाएं प्राप्त हो रही हैं तथा नियमानुसार विकास को प्रभावी बढ़ावा मिला है।
साथ ही, वाराणसी विकास प्राधिकरण द्वारा स्वीकृत लेआउट में प्लॉट क्रय करने वाले भू-स्वामियों को भवन मानचित्र स्वीकृति के दौरान विकास शुल्क देय नहीं होता है। इससे नागरिकों को आर्थिक राहत मिलने के साथ-साथ स्वीकृत एवं नियमानुसार विकसित लेआउट में निवेश को भी प्रोत्साहन प्राप्त हो रहा है।
पूर्व में अनेक प्लॉटर बिना भूमि उपयोग (Land Use) की जांच एवं प्राधिकरण की स्वीकृति प्राप्त किए बिना कृषि भूमि पर प्लॉटिंग कर विक्रय कर देते थे। परिणामस्वरूप भू-स्वामियों को भवन मानचित्र स्वीकृति में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। इसके अतिरिक्त कई स्थानों पर निर्धारित मानकों के अनुरूप सड़कें उपलब्ध न कराना, सड़क की भूमि का विक्रय कर देना, पार्क एवं अन्य सार्वजनिक सुविधाओं हेतु भूमि आरक्षित न करना जैसी समस्याएं भी सामने आती थीं। इन अनियमितताओं के कारण अनेक क्षेत्रों का विकास अव्यवस्थित एवं संकरी गलियों के रूप में हुआ, जो यातायात, नागरिक सुविधाओं तथा आपातकालीन सेवाओं की दृष्टि से भी चुनौतीपूर्ण सिद्ध हुआ।
इन परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए वाराणसी विकास प्राधिकरण ने लेआउट स्वीकृति प्रक्रिया को अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं सरल बनाया है। वर्तमान में प्लॉटर प्राधिकरण के सभी मानकों एवं नियमों का पालन करते हुए भूमि उपयोग, सड़क, पार्क, सार्वजनिक सुविधाओं तथा अन्य आवश्यक प्रावधान सुनिश्चित कर लेआउट स्वीकृत करा रहे हैं। इससे न केवल शहर का संतुलित एवं सुनियोजित विकास सुनिश्चित हो रहा है, बल्कि भविष्य में नागरिकों को मूलभूत सुविधाओं से युक्त बेहतर एवं सुरक्षित आवासीय वातावरण भी प्राप्त होगा।
प्राधिकरण की इस पहल का सकारात्मक प्रभाव यह है कि अब अनेक स्वीकृत प्लॉटर अपने प्रोजेक्ट का व्यापक प्रचार-प्रसार "वीडीए से स्वीकृत लेआउट" के रूप में कर रहे हैं। इससे आम नागरिकों का विश्वास बढ़ा है तथा उन्हें यह भरोसा मिल रहा है कि उनका निवेश सुरक्षित, वैध एवं भविष्य में किसी प्रकार की कानूनी अथवा तकनीकी बाधा से मुक्त रहेगा।
वाराणसी विकास प्राधिकरण की पारदर्शी, समयबद्ध एवं जनहितैषी कार्यप्रणाली की नागरिकों, भू-स्वामियों एवं रियल एस्टेट क्षेत्र द्वारा व्यापक सराहना की जा रही है। प्राधिकरण भविष्य में भी नागरिकों के हितों की रक्षा, नियमानुसार विकास को बढ़ावा देने तथा वाराणसी को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं आधुनिक नगर के रूप में विकसित करने हेतु पूर्णतः प्रतिबद्ध है।
