Latest Announcement
आज दिनांक 03/07/2026 को आनंद काशी योजना , कल्लीपुर के निर्माण कार्यों का उपाध्यक्ष श्री पुर्ण बोरा द्वारा स्थलीय निरीक्षण, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध कार्यों के निर्देश

आनंद काशी योजना , कल्लीपुर के निर्माण कार्यों का उपाध्यक्ष श्री पुर्ण बोरा द्वारा स्थलीय निरीक्षण, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध कार्यों के निर्देश

 

आज दिनांक 03/07/2026 को वाराणसी विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष श्री पुर्ण बोरा द्वारा कल्लीपुर स्थित निर्माणाधीन आनंद काशी योजना का स्थलीय निरीक्षण किया गया तथा परियोजना की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्थाओं को निर्माण कार्यों में तेजी लाने तथा उच्च गुणवत्ता मानकों का पूर्णतः पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

 

आनंद काशी योजना वाराणसी विकास प्राधिकरण द्वारा लगभग 30 वर्षों के उपरांत विकसित की जा रही प्रथम समेकित गेटेड सिटी परियोजना है। योजना को काशी की सांस्कृतिक एवं वैदिक विरासत की अवधारणा पर विकसित किया जा रहा है। संपूर्ण नगर को परिधि दीवार (Boundary Wall) से सुरक्षित किया जाएगा तथा नियंत्रित प्रवेश एवं निकास व्यवस्था विकसित की जाएगी।

 

परियोजना में 24 मीटर, 18 मीटर, 12 मीटर एवं 9 मीटर चौड़ी सड़कों का सुव्यवस्थित नेटवर्क विकसित किया जा रहा है। जलापूर्ति, सीवरेज, विद्युत, वर्षा जल निकासी, हरित क्षेत्र तथा अन्य सभी आवश्यक आधारभूत सुविधाओं के विकास हेतु निविदा एवं निर्माण कार्य विभिन्न चरणों में प्रगति पर हैं।

 

योजना को वास्तु सिद्धांतों के अनुरूप विकसित किया जा रहा है। परियोजना में न्यूनतम 15 प्रतिशत क्षेत्रफल को हरित क्षेत्र के रूप में विकसित किया जाएगा, जिसका कुल क्षेत्रफल लगभग 9 हेक्टेयर होगा। प्रथम चरण में लगभग 150 एकड़ क्षेत्रफल में विकास कार्य प्रस्तावित है, जिसमें 2,000 से अधिक आवासीय भूखण्ड विकसित किए जाएंगे।

 

24 मीटर चौड़ी मुख्य सड़क के किनारे वाणिज्यिक भूखण्ड विकसित किए जाएंगे, जो भविष्य में क्षेत्र के आर्थिक गतिविधि केंद्र के रूप में विकसित होने की संभावना रखते हैं। इसके अतिरिक्त समूह आवास (Group Housing), होटल, अस्पताल एवं विद्यालयों हेतु भी पृथक भूखण्ड चिन्हित किए गए हैं, जिससे यह एक समग्र एवं आत्मनिर्भर नगरीय विकास मॉडल के रूप में स्थापित हो सके।

 

योजना हेतु अधिकांश भूमि का अधिग्रहण भूमि पूलिंग एवं प्रत्यक्ष क्रय के माध्यम से किया जा चुका है। वर्तमान में परियोजना के रेरा पंजीकरण की प्रक्रिया प्रगति पर है। योजना में लगभग 128 वर्गमीटर से 300 वर्गमीटर तक के विभिन्न आकारों के आवासीय भूखण्ड प्रस्तावित हैं।

 

वाराणसी विकास प्राधिकरण का उद्देश्य इस योजना के अंतर्गत विभिन्न आय वर्गों के नागरिकों को उचित एवं किफायती दरों पर भूखण्ड उपलब्ध कराना है, ताकि समाज के सभी वर्ग गुणवत्तापूर्ण आवासीय वातावरण का लाभ प्राप्त कर सकें। योजना के लिए पंजीकरण प्रक्रिया अगस्त माह से प्रारम्भ किए जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है तथा दिसंबर माह तक आधारभूत अवसंरचना के प्रमुख विकास कार्य पूर्ण करने की योजना है। संपूर्ण परियोजना का विकास काशी की सांस्कृतिक पहचान एवं थीम के अनुरूप किया जा रहा है, जिससे यह आधुनिक सुविधाओं एवं पारंपरिक मूल्यों का अद्वितीय संगम प्रस्तुत करेगी।

 

निरीक्षण के दौरान उपाध्यक्ष के साथ अपर सचिव श्री गुडाकेश शर्मा, अभियंत्रण दल तथा अवाप्ति दल के अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे। उपाध्यक्ष ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि परियोजना के सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में पूर्ण किए जाएं तथा निर्माण में सर्वोत्तम गुणवत्ता की सामग्री एवं तकनीकों का उपयोग सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि आनंद काशी योजना वाराणसी के नियोजित एवं सतत शहरी विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जो भविष्य में क्षेत्र के लिए एक आदर्श, आत्मनिर्भर एवं विश्वस्तरीय आवासीय नगर के रूप में स्थापित होगी।

Gallery and Images